दिनांक : 06-May-2024 11:41 PM
Follow us : Youtube | Facebook | Twitter
Shadow

कोरिया में 2.6 डिग्री तक पहुंचा तापमान; सरगुजा के जिलों में जमी ओस

07/01/2023 posted by Priyanka (Media Desk) Chhattisgarh, Raipur    

छत्तीसगढ़ में हवा की दिशा बदलने से इस सीजन की पहली बर्फ देखने को मिली। सरगुजा संभाग के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। इसकी वजह से वहां घना कोहरा छाया है। ओस की बूंदे जम गई हैं। पेण्ड्रा रोड में भी पाला पड़ रहा है। वहीं कवर्धा के चिल्फी घाटी में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। इसके अलावा सरगुजा में ठंड से एक शख्स की मौत हो गई है। वहीं दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

मौसम विज्ञान विभाग का कहना है, शनिवार को कोरिया प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। जशपुर में यह 4 डिग्री और सरगुजा में 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। बिलासपुर संभाग के जिलों का न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। वहीं रायपुर संभाग में बलौदा बाजार का तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। रायपुर में पारा 11 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़ककर थम गया। दुर्ग में कबीरधाम जिला सबसे ठंडा है।

राजनांदगांव में 10.6 और दुर्ग में 8.6 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ है। बस्तर संभाग में 8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ कांकेर सबसे ठंडा है। नारायणपुर में 9.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ है। तापमान में बड़ी गिरावट की वजह से पूरा सरगुजा और बिलासपुर संभाग सुबह घने और मध्यम स्तर के कोहरे की चपेट में आ गया था। कोरिया, चिल्फी घाटी और जशपुर के कुछ इलाकों में पानी जम गया है। इसकी वजह से लोगों को भी काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। घने कोहरे की वजह से दृश्यता एक दम कम हो गई। इसकी वजह से सुबह सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

दो दिन ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान

मौसम विज्ञानियों का कहना है, बरसात के बाद हवा की दिशा बदली है। उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं का प्रभाव बढ़ गया है। इसकी वजह से न्यूनतम तापमान में यह गिरावट हुई है। तापमान में गिरावट का यह दौर दो दिनों तक रहेगा। इस बीच न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री की गिरावट संभावित है। बस्तर संभाग के जिलों में तो न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक कम हो सकता है।

सरगुजा-बिलासपुर संभाग में अब शीतलहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के अधिकांश जिलों में शीतलहर की चेतावनी दी है। प्रशासन को भेजी सूचना के मुताबिक अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर,सरगुजा, जशपुर, कबीरधाम, पेण्ड्रा रोड, दुर्ग और उससे लगे जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। सामान्य तौर पर न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस होने अथवा सामान्य से 6.5 डिग्री कम होने पर मौसम विभाग शीतलहर की घोषणा करता है।

Author Profile

Priyanka (Media Desk)
Priyanka (Media Desk)प्रियंका (Media Desk)
"जय जोहार" आशा करती हूँ हमारा प्रयास "गोंडवाना एक्सप्रेस" आदिवासी समाज के विकास और विश्व प्रचार-प्रसार में क्रांति लाएगा, इंटरनेट के माध्यम से अमेरिका, यूरोप आदि देशो के लोग और हमारे भारत की नवनीतम खबरे, हमारे खान-पान, लोक नृत्य-गीत, कला और संस्कृति आदि के बारे में जानेगे और भारत की विभन्न जगहों के साथ साथ आदिवासी अंचलो का भी प्रवास करने अवश्य आएंगे।