दिनांक : 26-Apr-2024 10:53 PM
Follow us : Youtube | Facebook | Twitter
Shadow

बसपन का प्यार गाने वाला सहदेव रायपुर रेफर: एक्सीडेंट के बाद सिर में 8 टांके, CM बघेल ने भी जाना हाल, रैपर बादशाह की टीम राजधानी पहुंची

30/12/2021 posted by Priyanka (Media Desk) Chhattisgarh, Dantewada    

‘बसपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे..’ गाने से मशहूर हुए सहदेव दिरदो सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत में बुधवार को सुधार नहीं हुआ। इसके चलते उसे​​​​​​ डिमरापाल के मेडिकल कॉलेज जगदलपुर से रायपुर रेफर कर दिया गया। सहदेव का मंगलवार रात एक्सीडेंट हो गया था। उसका जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज (मेकाज) में इलाज चल रहा था।

बताया जा रहा है कि उसे सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सिर में 8 टांके भी लगे हैं। खून का थक्का जमा हुआ है। हालांकि वह अभी होश में है और परिजनों से थोड़ी बहुत बातें भी कर रहा है। सहदेव का हाल जानने के लिए सुकमा के कलेक्टर विनीत नंदनवार और SP सुनील शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंच गए हैं।

CM ने बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज शाम शबरी नगर में सड़क हादसे में घायल सुकमा के गायक सहदेव दिरदो को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश सुकमा कलेक्टर विनीत नंदनवार को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सहदेव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। दुर्घटना पर उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने भी दुख जताया और फोन पर स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली।

बादशाह ने कहा है कि अगर कोई भी परेशानी या जरूरत हो तो सीधे परिजन उनसे बात कर सकते हैं। देश के किसी भी अच्छे से अच्छे अस्पताल में इलाज की जरूरत हो तो वहां करवाएं, उनकी टीम पूरी मदद करेगी। बादशाह की एक टीम भी सहदेव से मुलाकात करने के लिए पहुंच गई है।

बचपन को ‘बसपन’ कहने के मासूम अंदाज के कारण हुआ हिट
सहदेव का गाना ‘बसपन का प्यार’ सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हुआ था। इस गाने में सहदेव बचपन को ‘बसपन’ कहता है। उसका यह भोला और मासूम अंदाज ही पब्लिक को बेहद भा गया था। कई नामी सेलिब्रेटिज ने सहदेव के मूल वीडियो को शेयर किया था। इसके बाद बॉलीवुड सिंगर बादशाह ने उसके साथ इस गाने का रिमिक्स तैयार किया था।

कलेक्टर ने खुद ली जानकारी
सुकमा के कलेक्टर विनीत नंदनवार ने बताया- सहदेव अपने परिवार वालों के साथ बाइक में बैठकर कहीं जा रहा था। बाइक में कुल 3 लोग सवार थे, सहदेव लास्ट में बैठा था। इस बीच बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सहदेव बाइक में पीछे की तरफ बैठा था, इसलिए इसे काफी चोटें आईं हैं। सुकमा में प्राथमिक उपचार कर एंबुलेंस के माध्यम से जगदलपुर रेफर भी कर दिया गया है। जगदलपुर के कलेक्टर रजत बंसल और डॉक्टरों को भी जानकारी दे दी गई है, ताकि जल्द ही इसे उपचार मिल सके।

Author Profile

Priyanka (Media Desk)
Priyanka (Media Desk)प्रियंका (Media Desk)
"जय जोहार" आशा करती हूँ हमारा प्रयास "गोंडवाना एक्सप्रेस" आदिवासी समाज के विकास और विश्व प्रचार-प्रसार में क्रांति लाएगा, इंटरनेट के माध्यम से अमेरिका, यूरोप आदि देशो के लोग और हमारे भारत की नवनीतम खबरे, हमारे खान-पान, लोक नृत्य-गीत, कला और संस्कृति आदि के बारे में जानेगे और भारत की विभन्न जगहों के साथ साथ आदिवासी अंचलो का भी प्रवास करने अवश्य आएंगे।