दिनांक : 02-May-2024 12:10 AM
Follow us : Youtube | Facebook | Twitter
Shadow

रायपुर: छेरछेरा पर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने गली-गली घूमकर मांगा दान

06/01/2023 posted by Priyanka (Media Desk) Chhattisgarh, India    

रायपुर के मठपारा की सड़कों पर शुक्रवार को अलग नजारा देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल हाथ में झोला लिए गली-गली दान मांगते नजर आए, मौका था छेरछेरा त्यौहार का। मुख्यमंत्री ने करीब आधे घंटे तक गलियों में घूम-घूम कर सभी से दान लिया। मुख्यमंत्री श्री बघेल को देखकर मठपारा के निवासी घरों से निकलकर बाहर आए और उनके झोले में अनाज, सब्जी आदि दान स्वरूप डाली। दान देने वालों में छोटे-छोटे बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग बड़े उत्साह से शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी वहां मौजूद बच्चों को दान स्वरूप राशि भेंट की।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को छेरछेरा पर्व के अवसर पर दूधाधारी मठ पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के लिए सुख समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर श्री बघेल ने सभी को छेरछेरा की बधाई देते हुए कहा कि छेरछेरा का पर्व हमें बड़ा संदेश देता है क्योंकि इस दिन दान दिया जाता है और दान लिया भी जाता है। दान देना उदारता और दान लेना अहंकार को नष्ट करने का प्रतीक है। छेरछेरा में दान की राशि जनकल्याण में खर्च की जाती है।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि हमारी सरकार ने सभी तीज त्योहारों पर छुट्टी दी। हम मुख्यमंत्री निवास में सभी त्योहारों को मनाते हैं, जैसे तीजा, पोरा, हरेली और छत्तीसगढ़ के अन्य तीज-त्यौहारों को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाने लगा है। उन्होंने कहा कि किसान खेत में फसल की पैदावार और सभी के लिए भोजन की व्यवस्था करते हैं। अन्नदाता किसान समेत सभी वर्ग अनाज को दान करते है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बालाजी की कृपा से इस साल बहुत अच्छी पैदावार हुई है, अब तक 85 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका, और एक भी किसान की शिकायत नहीं आयी।

सभी किसानों को तत्काल भुगतान भी हुआ। कार्यक्रम के पहले मुख्यमंत्री को धान से तौला भी गया। उल्लेखनीय है कि हर साल की तरह इस बार भी दूधाधारी मठ परिसर में छेरछेरा, पुन्नी मेला का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में लोग दान देने और लेने के लिए उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गौसेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महंत रामसुंदर दास, विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री संतराम नेताम, विधायक श्री बृहस्पत सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री प्रदीप शर्मा, मेयर श्री एजाज ढेबर, सभापति श्री प्रमोद दुबे उपस्थित रहे।

Author Profile

Priyanka (Media Desk)
Priyanka (Media Desk)प्रियंका (Media Desk)
"जय जोहार" आशा करती हूँ हमारा प्रयास "गोंडवाना एक्सप्रेस" आदिवासी समाज के विकास और विश्व प्रचार-प्रसार में क्रांति लाएगा, इंटरनेट के माध्यम से अमेरिका, यूरोप आदि देशो के लोग और हमारे भारत की नवनीतम खबरे, हमारे खान-पान, लोक नृत्य-गीत, कला और संस्कृति आदि के बारे में जानेगे और भारत की विभन्न जगहों के साथ साथ आदिवासी अंचलो का भी प्रवास करने अवश्य आएंगे।