रायपुर | शहर के बीचों-बीच बने ऑक्सीजोन को अब आधिकारिक रूप से आम लोगों के लिए शुरू कर दिया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वन मंत्री मो. अकबर और नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया के साथ इसका उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस 19 एकड़ में फैले ऑक्सीजोन से शहर की हरियाली बढ़ी है। इसे बनाते वक्त दुकानों को तोड़ने का हमने विरोध किया था। दुकानदारों को बसाने का काम हम करेंगे।
आज राजधानी रायपुर के हृदय स्थल में 19 एकड़ में बनाए गए ऑक्सीजोन का लोकार्पण किया।
इस ऑक्सीजोन से नगरवासी अब बीच शहर में शुद्ध हवा के साथ सैर और भ्रमण का भरपूर आनंद उठा सकेंगे तथा पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाएगा।
लोकार्पण के अवसर पर मैंने यहां सफेद चंदन का पौधा लगाया है। pic.twitter.com/ss24BqXS6m
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) July 2, 2020
यह है ऑक्सीजोन
रायपुर के पंडरी और कलेक्टर दफ्तर के पिछले हिस्से में इसे तैयार किया गया था। यह पूर्व की भाजपा सरकार के वक्त बनाया गया प्रोजेक्ट था। करीब 1 साल से लोगों का यहां आना-जाना था मगर औपचारिक उद्घाटन नहीं हो सका था। रायपुर के पूर्व कलेक्टर और अब भाजपा नेता ओपी चौधरी ने इस कॉन्सेप्ट पर काम किया था। यहां 5 हजार से ज्यादा पेड़-पौधे हैं। लोग यहां टहल सकते हैं, कसरत कर सकते हैं। फाउंटेन, छोटे वॉटर एरिया भी यहां मौजूद हैं।